फिल्म जगत में खिलाड़ियों पर बायोपिक बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। मिल्खा सिंह, मैरी कॉम और महेंद्र सिंह धोनी जैसे खेल सितारों पर बनी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े हैं। इसी कड़ी में अब एक और खेल सितारें की जीवनी पर फिल्म बनाने की तैयारी चल रही है। साल 2018 में हुए 18वें एशियाई खेलों की हेप्टाथलन प्रतियोगिता में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली पहली महिला हेप्टाथलन स्वप्ना बर्मन ने 21 वर्ष की आयु में यह कारनामा कर दिखाया था। जानकारी के मुताबिक स्वप्ना के जीवन संघर्ष पर फिल्म बनाई जाएगी। पश्चिम बंगाल स्थित जलपाईगुड़ी जिले की रहने वाली 22 वर्षीय स्वप्ना की जीवनी को जल्द ही हम रुपहले पर्दे पर साकार होते देख सकेंगे।
खबर है कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक श्रीजीत मुखर्जी ने स्वप्न पर एक बायोपिक बनाने की घोषणा की है। मशहूर बंगाली अभिनेत्री सोहिनी सरकार स्वप्ना की भूमिका साकार करते नज़र आएँगी। इस दौरान इस फिल्म के सन्दर्भ में निर्देशक ने आईएएनएस को बताया कि “स्वप्ना न केवल बंगाल का गौरव है बल्कि इतनी कम उम्र में उन्होंने अपनी उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया है। यह फिल्म उनके जीवन संघर्ष और उनकी उपलब्धियों पर केंद्रित होगी।” इस बायोपिक का निर्माण भारतीय उत्पादन कंपनी एसवीएफ द्वारा किया जा रहा है।

Picture Source :- AFP
बात करें स्वप्ना की तो वो पश्चिम बंगाल के एक छोटे से परिवार से आती हैं। उनके पिता रिक्शा चालक हैं। घर की माली हालत और दोनों पैरों में छह उंगलियाँ होने के बावजूद अपने खेल करियर के दौरान कई बाधाओं को पार कर उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया।