खेल जगत के खिलाड़ियों को लेकर आमतौर पर एक धारणा होती है कि, जब तक वो खेल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हैं तब तक वो उस खेल से जुड़े होते हैं। रिटायरमेंट के बाद उनके जीवन में कुछ खास करने लायक नहीं रहता। खेल को अलविदा कहने के बाद वो पब्लिक लाइफ से दूर हो जाते हैं। इस तरह की भ्रांतियां हम सब के मन में देखी गईं हैं। अगर आपके भी मन में भी इस तरह के ख्याल हैं तो आप गलत सोच रहे हैं। यहाँ, हम आपको उन दिग्गजों के बारे में बताने जा रहे हैं जो खेल से रिटायर होने के बाद भी अन्य कामों से जुड़कर आज वो अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। कभी उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं हुआ होगा कि खेल से सेवानिवृत होने के बाद उनकी दुनिया पूरी तरह से बदल जाएगी। जिस तरह वो आपने खेल में सफल हुआ करते थे आज वो अन्य क्षेत्रों में भी सफल हुए हैं।
मास्टर ब्लास्टर, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट में जो कीर्तिमान स्थापित किया है उसे कर पाना शायद मौजूदा दौर के क्रिकेटरों के बस की बात नहीं है। अपनी अचंभित कर देने वाली उपलब्धियों से उन्होंने क्रिकेट के मैदान और दुनिया भर में करोड़ो लोगों के दिलों पर एकक्षत्र राज किया है। अब तक के सबसे महान क्रिकेटर सचिन ने रिटायर होने के बाद भी काम करना बंद नहीं किया। आज भी वो उसी जोश के साथ नज़र आते हैं जैसे वो खेल के दिनों दिखाई देते थे। क्रिकेट से रिटायर होने के कुछ समय बाद ही उन्होंने स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट बोरिया मजूमदार के साथ अपनी आत्मकथा ‘प्लेइंग इट माई वे’ लिखी। उस दौर में यह किताब काफ़ी चर्चा में आई थी। इसके साथ ही सचिन ने आंध्र प्रदेश के एक गांव को गोद लिया तथा वहां बुनियादी जरूरतों को उपलब्ध करवाया। इसके आलावा वो आईएसएल (इंडियन सुपर लीग) फ्रेंचाइजी में केरला ब्लास्टर्स के मालिक बने (हालाँकि उन्होंने बाद में इस फ्रेंचाइजी से नाता तोड़ लिया)। इस तरह वो कई गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं। सचिन ने हर क्षेत्र में अपनी गहरी छाप छोड़ी है।
सचिन तेंदुलकर (Picture source :- essentiallysports.com)
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने के बाद आईपीएल में अपनी किस्मत आजमाई। आईपीएल के बाद उन्होंने पेशेवर मुक्केबाज़ी का भी रुख किया। हालाँकि मुक्केबाज़ी उनके खेल के विपरीत थी। इसके बाद उन्होंने खुद की फैशन रेंज डिजाइन शुरू की साथ ही वो जैकोमो ब्रांड का चेहरा बने। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई वर्जन ‘आई एम ए सेलेब्रिटी, गेट मी आउट ऑफ हियर की पहली सिरीज जीती। इस तरह एंड्रयू फ्लिंटॉफ अन्य एक्टिविटी से भी जुड़े रहते हैं।
एंड्रयू फ्लिंटॉफ (Picture source :- ESPNcricinfo.com)
एलेक्स रोड्रिगेज का नाम दुनिया के महानतम बेसबॉल खिलाड़ियों में शुमार है। खेल से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने फॉक्स स्पोर्ट्स के लिए एक ब्रॉडकास्टर और एबीसी न्यूज नेटवर्क के एक सदस्य के रूप में कार्य किया। वर्तमान में उन्होंने यूएफसी जिम की फ्रैंचाइज़ी ली है और वो अपने खेल के हुनर को निखार रहे हैं।
एलेक्स रोड्रिगेज (Picture source :- USA Today)
केल्विन ब्रॉक एक पेशेवर अमेरिकी मुक्केबाज़ हैं। वो साल 2000 की अमेरिकी मुक्केबाजी टीम में एक सुपर हैवीवेट के रूप में खेल चुके हैं। साल 2001 से 2007 के बीच मुक्केबाजी स्पर्धा खेल चुके केल्विन वर्तमान में ‘जैक एंड लैंडलॉर्ड्स’ के संस्थापक हैं। साथ ही वो कमर्शियल रियल एस्टेट एजेंट का भी काम कर रहे हैं।
केल्विन ब्रॉक (Picture source :- Flickr)
अपने टेनिस करियर में 13 ग्रैंड स्लैम और ओलंपिक में सिल्वर मेडलिस्ट जीत चुकी मार्टिना हिंगिस काफ़ी कम उम्र में ही विश्व चैंपियन बन गयी थी। अपने खेल से सभी को आकर्षित करने वाली पूर्व स्विस टेनिस स्टार मार्टिना ने साल 2017 के अक्टूबर महीने में टेनिस को अलविदा कह दिया था। इसके बाद से वो विश्व भ्रमण कर रही है। वर्तमान में वो मातृत्व सुख का आनंद ले रही हैं।
मार्टिना हिंगिस (Picture source :- Rediff)
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज़ केविन पीटरसन साल 2018 में रिटायर हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद, केविन वन्यजीवों के संरक्षण के काम में लगे हुए हैं। उन्हें जानवरों से काफ़ी लगाव है इसके चलते वो अपना ज्यादातर समय जानवरों के सरंक्षण में ही बिताते हैं।
केविन पीटरसन (Picture source :- Instagram/kp24)
सलिल अंकोला पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रह चुके हैं। वो भारत के लिए एक टेस्ट मैच और बीस अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच खेल चुके हैं। अपनी चोट के चलते सलिल ने क्रिकेट को अलविदा कहकर सिनेमा का रुख किया था। वो टीवी शो में भी नज़र आये और साल 2006 में टीवी शो बिग बॉस में भी हिस्सा ले चुके हैं।
सलिल अंकोला (Picture source :- Cric Tracker.com)