विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का मंगलवार को आखिरकार शादी का सेलिब्रेशन समाप्त हो गया। 11 दिसंबर को इटली के टस्कनी में हैरिटेज रिसार्ट में गुपचुप तरीके शादी रचाने के बाद दो जगहों पर रिसेप्शन पार्टी आयोजित की गई थी।
पहला रिसेप्शन 21 दिसंबर को दिल्ली में रखा गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। दूसरा रिसेप्शन कल यानी 26 दिसंबर को मुंबई के लोअर परेल स्थित सेंट रेजिस पांच सितारा होटल में हुआ। इस रिसेप्शन में खेल और फिल्मी जगत के कई सितारे शामिल हुए।
बॉलीवुड के तीन खानों में से सिर्फ किंग खान यानी शाहरूख खान विरुष्का के ग्रैंड रिसेप्शन में नजर आए। शाहरूख ने न सिर्फ विराट-अनुष्को शादी को बधाई दी बल्कि उनके साथ डांस फ्लोर पर खूब मस्ती की। शाहरूख ने पंजाबी और ‘चल छैंया-छैंया’ गाने पर विराट-अनुष्का के साथ जमकर ठुमके लगाए। आपको बता दें कि अनुष्का शर्मा ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से की थी।
इसके बाद शाहरुख अपनी फिल्म ‘जब तक है जान’ का डायलॉग बोलते दिखे, जिसपर विराट ऐक्टिंग करते नज़र आए। हालांकि, इस डायलॉग के अंत में शाहरुख ने ‘जान’ की जगह ‘खान’ बोलकर इसे और मजेदार बना डाला। इस दौरान अनुष्का ने विराट के गाल पर किस्स कर दिया।
गौरतलब है कि मुंबई में हुए विराट और अनुष्का के रिसेप्शन में अनिल कुंबले, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग, साइना नेहवाल, उमेश यादव, कुलदीप यादव, चेतेश्वर पुजारा, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमरा, संदीप पाटिल, रविचंद्रन अश्विन जैसे खेल जगत की बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी।