भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की चुस्ती-फुर्ती के सभी कायल है। उनकी बिजली सी फुर्ती पलक झपकते ही बल्लेबाज़ को पवेलियन का रास्ता दिखा देती है। वैसे तो दुनिया भर में धोनी के करोड़ो फैंस हैं। उनकी दीवानगी हर उम्र के लोगों पर सिर चढ़कर बोलती है। गौरतलब है कि मंगलवार को नागपुर के वीसीए स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में एक अजीब घटना घटी। हुआ यूँ कि जब टीम इंडिया फील्डिंग कर रही थी और कुछ पल के लिए सभी खिलाड़ी साथ खड़े हुए थे तभी एक फैन मैदान में आ घुसा। हालाँकि की इसके पहले भी कई दफा इस तरह के नज़ारे देखे गए हैं।
प्रशंसक अक्सर अपने चहेते खिलाड़ी से मिलने मैदान का सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान के भीतर चले आते हैं। लेकिन इस बार की घटना थोड़ी अजीब थी। इस बार प्रशंसक के दौड़ लगाने के साथ-साथ धोनी ने भी दौड़ लगा दी थी। धोनी को दौड़ता देख प्रशंसक भी धोनी के पीछे दौड़ने लगा। हालाँकि धोनी इस फैन से दूर भागना चाह रहे थे लेकिन उल्टा इस फैन ने भी धोनी के पीछे दौड़ लगा दी। देखने लायक नज़ारा था कि आगे-आगे धोनी थे और पीछे-पीछे वो प्रशंसक। दोनों के बीच ये सिलसिला कुछ पल तक चला। इस दौरान धोनी भी मस्ती के मूड में नजर आए। इस घटना को वहां मौजूद सभी भारतीय क्रिकेटर देख रहे थे। प्रशंसक था कि ठान कर ही आया था कि माही को गले लगाए बगैर नहीं मानेगा। धोनी चालाकी दिखाते हुए आखिरकार रुके और फैन उन्हें गले लगा कर मैदान के बाहर चला गया।
#INDvAUS match #MSDhoni playing with his diehard fan, watching again and again. 😍😍😍 pic.twitter.com/uSrIpL9PWL
— Viswanath Sankaranarayanan (@Im_Viswa_S) March 6, 2019
मंगलवार को नागपुर के वीसीए स्टेडियम में घटी इस अजीबो-गरीब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि अभी हाल ही में न्यूजीलैंड के हैमिल्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान एक प्रशंसक सुरक्षा घेरे को तोड़ता हुआ मैदान पर पहुंच गया था जिसके हाथ में भारतीय तिरंगा था जो मैदान को छूने वाला था लेकिन धोनी ने ऐसा नहीं होने दिया। भले ही यह घटना एक फन के तहत हुई हो लेकिन यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।