दुनियां की सबसे मशहूर मैगज़ीन, फोर्ब्स इंडिया ने ’30 अंडर-30′ का छठवां संस्करण जारी कर दिया है। इस संस्करण में खेल जगत के अलावा मनोरंजन, मार्केटिंग सहित कई अन्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले लोगों का नाम शामिल किया गया है। इस लिस्ट में साल 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, एशियन गेम्स चैंपियन और धावक हिमा दास, भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी स्मृति मंधाना का नाम शामिल किया गया है।
इस लिस्ट में पहली बार उद्योग, ऊर्जा, विज्ञापन, मार्केटिंग, मीडिया और कृषि के क्षेत्र से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। इस लिस्ट में 30 साल से कम उम्र के 30 युवाओं को चार मापदंडों के आधार पर चयन किया जाता है। जानकारी के लिए बता दें, इस साल फोर्ब्स इंडिया ने अपनी इस लिस्ट में 16 श्रेणियों के लोगों को शामिल किया है।
खबर के मुताबिक इस लिस्ट के सबंध में फोर्ब्स मैगज़ीन के एडिटर का कहना है कि “यह अनुभवी बनाम युवाओं की डीबेट का कोई मुद्दा नहीं है। हम यहां लड़के-लड़कियों की सफलता को नहीं, बल्कि हम उनकी लगन और उद्यमशीलता को महत्व देतें हैं। आप किसी भी उम्र में कोई भी नया स्टार्ट-अप ला सकते हैं। फिर चाहें आप 25 के हो या फिर 52 के, आपकी उम्र मायने नहीं रखती। लेकिन शुरुआत जल्दी करने से आगे आपको मदद मिल सकती है।”
स्मृति मंधाना

Smriti Mandhana
22 वर्षीय भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने साल 2017 के आईसीसी महिला विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। जिसके चलते स्मृति, मिताली राज के बाद भारत की सबसे प्रतिभाशाली महिला बल्लेबाज के रूप में उभरी हैं। अपनी खेल प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर ही वो बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर काबिज़ हो चुकी हैं। अब फ़ोर्ब्स इंडिया की ’30 अंडर-30′ लिस्ट में शामिल होकर उन्होंने यह जता दिया कि वो लंबी रेस की खिलाड़ी हैं।
हिमा दास

Hima Das
ढींग एक्सप्रेस ’के नाम से मशहूर हिमा दास ने जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में अपने दमदार प्रदर्शन के बलबूते स्वर्ण पदक जीतकर ये जता दिया था कि कैसे विषम परिस्थितियों में भी रहकर मंज़िल पाई जा सकती है। भविष्य में 19-वर्षीय हिमा से देश को काफ़ी उम्मीदें हैं। फ़ोर्ब्स मैगज़ीन में उनका नाम शामिल होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।
नीरज चोपड़ा

Neeraj Chopra
21 साल की छोटी-सी उम्र में ही नीरज चोपड़ा, भारतीय खेल के इतिहास में खुद को सफल एथलीट के रूप में स्थापित करने में कामयाब हो गये। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में उन्होंने भाला फेंक प्रतियोगिता में 2 “स्वर्ण पदक” जीतकर देश का नाम रोशन किया था। साल 2020 में जापान के टोक्यो शहर में होने वाले ओलिंपिक में उनसे पदक की उम्मीद बनी हुई है। इस लिस्ट में शामिल होकर उन्होंने एक और कामयाबी आपने नाम कर ली हैं।