आईसीसी की तरफ से जारी की गई ताज़ा वनडे रैंकिंग में भारत को 5 अंकों का फायदा हुआ है और अब वो चौथे से तीसरे स्थान पर आ गया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका ने वनडे में अपनी बादशाहत को बरक़रार रखा है। वो 123 प्वाइंट के साथ नंबर वन पर काबिज़ है जबकि ऑस्ट्रेलिया टीम 118 अंक लेकर दूसरे पायदान पर है। भारत 117 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ 1 अंक पीछे है। इससे पहले तीसरा स्थान न्यूज़ीलैण्ड टीम के नाम था। अब कीवी टीम के 115 प्वाइंट है और वो भारत से एक पायदान नीचे यानी चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की टीमों को अपने हालिया ख़राब प्रदर्शन का ख़ामियाज़ा अपनी रैंकिंग में भुगतना पड़ा है। बात अगर पाकिस्तान टीम की करें तो वो अब 90 से 88 अंक पर पहुंच गई है और 8वें पायदान पर काबिज़ है। वहीं वेस्टइंडीज टीम के 83 से 79 अंक हो गए है और वो पाकिस्तान से एक नीचे 9वें नंबर पर मौजूद है। बांग्लादेश इन दोनों ही टीमों से आगे निकलते हुए 7वें पायदान पर अपनी जगह बनाए हुए है। श्रीलंका की टीम 93 अंकों के साथ छठे नंबर है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत के लिए ये एक अच्छी ख़बर है जहां इस साल वो इस टूर्नामेंट में अपना ख़िताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आपको बता दें 30 सितंबर 2017 तक जो सात शीर्ष टीम रहेगी वो इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के लिए सीधे तौर पर क्वालीफाई करेंगी।
रैंकिंग इस प्रकार है :
टीम | अंक |
1. दक्षिण अफ्रीका | 123 |
2. ऑस्ट्रेलिया | 118 |
3. भारत | 117 |
4. न्यूजीलैंड | 115 |
5. इंग्लैंड | 109 |
6. श्रीलंका | 93 |
7. बांग्लादेश | 91 |
8. पाकिस्तान | 88 |
9. वेस्ट इंडीज | 79 |