भारत और श्रीलंका के बीच नागपुर में खेले जा रहे टेस्ट का आज दूसरा दिन है। श्रीलंका के 205 रन के जवाब में टीम इंडिया ने चाय तक 65 ओवर के बाद 1 विकेट के नुकसान पर 185 रन बना लिए हैं। मुरली विजय 106 और चेतेश्वर पुजारा 71 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 178 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत अभी भी श्रीलंका से 20 रन पीछे है।
टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने पहले दिन के स्कोर-11/1 से आगे खेलना शुरू किया। विजय और पुजारा ने भारत को सधी हुई शुरूआत दी। 27वें ओवर में पुजारा के चौके के साथ टीम इंडिया ने 50 रन पूरे किए। इसके अगले ही ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। 34वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ विजय ने अपने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक बनाया। टीम इंडिया ने लंच तक 39 ओवर के बाद 1 विकेट के नुकसान पर 97 रन बना लिए थे। मुरली विजय 56 और चेतेश्वर पुजारा 33 रन बनाकर क्रीज पर थे।
लंच के बाद मुरली विजय ने अपना हाथ खोलते हुए स्कोर को तेजी से बढ़ाना शुरु किया। इस बीच पुजारा ने 54वें ओवर में अपने टेस्ट करियर की 17वीं और इस सीरीज की दूसरी फिफ्टी पूरी की। इसके 7 ओवर बाद ही मुरली विजय ने अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक जड़ा। इस शतक के साथ ही वह बतौर ओपनर शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बन गए। वहीं श्रीलंका के खिलाफ ये उनका पहला टेस्ट शतक है।
पहला दिन
पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट खोकर 11 रन था। मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा नाबाद लौटे। पहले दिन आउट होने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (7 रन) रहे। उन्हें तेज गेंदबाज लाहिरु गमागे ने बोल्ड किया।
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका को 79.1 ओवर में 205 रन पर ढेर कर दिया। श्रीलंका की ओर से कप्तान दिनेश चंदीमल (57) और ओपनर दिमुथ करुणारत्ने (51) की पारी खेली। भारत की तरफ से अश्विन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। वहीं ईशांत शर्मा और रविंद्र जडेजा ने 3-3 विकेट लिए।
नागपुर टेस्ट के पहले दिन श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंदीमल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की पारी की शुरूआत सदीरा समरविक्रमा और लाहिरु तिरिमाने ने की। मेहमान टीम को पहला झटका सदीरा समरविक्रमा (13 रन) के रुप में लगा। उन्हें ईशांत शर्मा ने 5वें ओवर में स्लिप में चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया।
श्रीलंका का दूसरा विकेट 25वें ओवर में लाहिरु तिरिमाने (9 रन) के रुप में गिरा। तिरिमाने को अश्विन ने बोल्ड किया। इस सीरीज में किसी भी भारतीय स्पिनर को मिला यह पहला विकेट था। इससे पहले कोलकाता टेस्ट में सभी विकेट भारत के तेज गेंदबाजों ने हासिल किए थे। लंच तक मेहमान टीम के 50 रन के भीतर 3 विकेट गिर चुके थे।
लंच के बाद तीसरे विकेट के लिए भारतीय टीम को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। रवींद्र जडेजा ने एंजेलो मैथ्यूज (10 रन) को एलबीडब्ल्यू किया। इस बीच ओपनर दिमुथ करुणारत्ने ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस दौरान 132 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए। करुणारत्ने अर्धशतक पूरा करने के बाद ज्यादा देर नहीं टिके और 51 रन बनाकर ईशांत की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।
चाय तक श्रीलंकाई टीम के 150 रन के भीतर 4 विकेट गिर चुके थे। चाय के बाद चंदीमल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 97 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया। टीम का 5वां विकेट 61वें ओवर में 160 रन के टीम स्कोर पर रोशन डिकवेला (24) के रूप में गिरा जिन्हें रवींद्र जडेजा की गेंद पर ईशांत शर्मा ने कैच किया।
इसके बाद तो जैसे विकटो की झड़ी लग गई। अभी स्कोर में 5 रन ही जुड़े थे कि दाशुन शनाका (2 रन) को अश्विन ने बोल्ड कर श्रीलंका को छठा झटका दिया। 71वें ओवर में जडेजा ने दिलरुवान परेरा को 15 रन आउट कर मेहमान टीम को सातवां झटका दिया और अपना तीसरा विकेट लिया। इसके अगले ही ओवर में कप्तान दिनेश चंडीमल भी चलते बने उन्हें अश्विन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। चंडीमल ने 57 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने बड़ी मुश्किल से 200 का स्कोर पार किया। 79वें ओवर में टीम का 9वां विकेट गिरा। लकमल को 17 रन के निजी स्कोर पर ईशांत शर्मा ने आउट किया। इसके अगले ही ओवर में अश्विन ने रंगना हेराथ को 4 रन के निजी स्कोर पर रहाणें के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके साथ ही श्रीलंका की पहली पारी 205 रन पर सिमट गई।
भारतीय टीम में तीन बदलाव
आपको बता दें कि श्रीलंका ने इस मैच में प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया जबकि भारत ने टीम में तीन बदलाव किए हैं। चोटिल मोहम्मद शमी की जगह ईशांत शर्मा को टीम में लिया गया। इसके अलावा शिखर धवन की जगह मुरली विजय को और भुवनेश्वर कुमार की जगह रोहित शर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
बता दें कि पहले टेस्ट के हीरो रहे भुवनेश्वर कुमार इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। भुवी 23 नवंबर को शादी के बंधन में बंधे, वहीं शिखर धवन भी अपनी बहन की शादी में शामिल होने के चलते दूसरा टेस्ट नहीं खेल रहे हैं। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में फिलहाल दोनों टीमें बराबरी पर हैं। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में खेला गया था और ये मुकाबला ड्रॉ रहा था।
दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमें इस प्रकार है:
भारतः मुरली विजय, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, आर अश्विन, रिद्धिमान साहा, रविंद्र जडेजा, ईशांत शर्मा, उमेश यादव।
श्रीलंकाः दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, लहिरु थिरिमने, दिनेश चांदीमल, एंजलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, दनुष शनाका, दिलरुवान परेरा, सुरंगा लकमल, रंगना रेहाथ, विश्व फर्नांडो।