भारतीय क्रिकेट में वैसे तो सबसे ज्यादा सचिन तेंदुलकर को पूजा जाता है जिन्हें क्रिकेट के भगवान की उपाधि दी गई है लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फैन फॉलोविंग अब उनसे भी ज्यादा हो गई है। यही नहीं मौजूद समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ कहे जाने भारतीय कप्तान विराट कोहली भी उनसे पीछे रह गए हैं।
दरअसल यह बात हम नहीं बल्कि एक सर्वे में सामने आई है जहां धोनी को भारतीय फैंस की पहली पंसद बताया गया है। यूगव डॉट यूके के एक सर्वे के मुताबिक धोनी को भारतीय कप्तान विराट कोहली और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से भी ज्यादा पसंद किया जाता है। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें नंबर 1 पर हैं।
यह बेवसाइट इस प्रकार का सर्वे हर साल करती है और ताजा सर्वे इस साल की शुरुआत में किया गया था। नए सर्वे में 40 लाख से ज्यादा लोगों के बीच विभिन्न पोल्स और सर्वे के बाद यह नतीजे सामने आए हैं। धोनी 7.7 प्रतिशत के स्कोर के साथ खिलाड़ियों में पहले नंबर पर रहे, जबकि सचिन को 6.8 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं वहीं कोहली को 4.8 प्रतिशत वोट ही मिले।
धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं, उनकी अगुवाई में भारत ने सभी आईसीसी की ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया। इसके बाद धोनी का जलवा बतौर कप्तान नहीं बल्कि बेस्ट फिनिशर में देखने को मिला। अपने पूरे करियर के दौरान धोनी एक और चीज़ के लिए हमेशा सुर्खियों में रहे और वह है उनके सही समय पर सही फैसले और विकेट के पीछे जबरदस्त फुर्ती।
टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो धोनी भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं। धोनी की अगुवाई में भारत ने 27 टेस्ट मैच में जीत हासिल की और 2009 में पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीय नंबर 1 बनी थी।