फीफा वर्ल्ड कप में गुरुवार को खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में उस समय बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब क्रोएशिया ने पूर्व चैंपियन अर्जेंटीना को 3-0 से हरा दिया। वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अर्जेंटीना 60 साल बाद 3 या उससे ज्यादा गोल के अंतर से हारा है।
इस करारी हार के बाद अर्जेंटीना का वर्ल्ड कप 2018 के अगले दौर में पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है। टूर्नामेंट के पहले राउंड में आइसलैंड के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलने वाली अर्जेंटीना के लिए दूसरा मैच जीतना बेहद जरुरी था लेकिन मेसी की ये टीम 3 अंक जुटाने में सफल नहीं हो सकी।
इस हार के साथ ही अर्जेंटीना के 2002 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। ग्रुप-डी को वर्ल्ड कप से पहली ही ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा था, जो अब सही साबित होता रहा है।
इस ग्रुप में अर्जेंटीना, क्रोएशिया के अलावा नाइजीरिया और आइसलैंड जैसी टीमें हैं। क्रोएशिया अपने दोनों मैच जीतकर 6 अंको के साथ ग्रुप में टॉप पर है और राउंड ऑफ 16 में पहुंच चुकी है। वहीं आइसलैंड की टीम 1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं और उसे अभी दो मैच और खेलने हैं।
अब सवाल उठता है कि ग्रुप-डी में 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर काबिज अर्जेंटीना के अगले राउंड में पहुंचने की कितनी संभावनाएं है। तो आइये जानते हैं इससे जुड़े सभी समीकरणों के बारे में…….
- ग्रुप-डी का अगला मैच आज रात 8:30 बजे (22 जून) आइसलैंड और नाइजीरिया के बीच खेला जाना हैं। इस मुकाबले में यदि आरोन गुनार्सन की टीम नाइजीरिया के साथ ड्रॉ खेल जाए या फिर हार जाए।
- इसके बाद क्रोएशिया की टीम अपने तीसरे और आखिरी मैच में आइसलैंड को हराने में सफल हो जाए या मैच ड्रॉ हो जाए।
- ऊपर वाली दोनों कंडिशन के बाद अगर अर्जेंटीना अपने आखिरी ग्रुप मैच में नाइजीरिया को बड़े अंतर से हराने में कामयाब हो जाती है तो मेसी की टीम का अगले राउंड में जाना संभव हो सकता है।
# | टीम | Pl | W | D | L | F | A | GD | Pts |
---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
1 | क्रोएशिया | 2 | 2 | 0 | 0 | 5 | 0 | 5 | 6 |
2 | आइसलैंड | 1 | 0 | 1 | 0 | 1 | 1 | 0 | 1 |
3 | अर्जेंटीना | 2 | 0 | 1 | 1 | 1 | 4 | -3 | 1 |
4 | नाइजीरिया | 1 | 0 | 0 | 1 | 0 | 2 | -2 | 0 |
इस सबके बावजूद अगर आइसलैंड की टीम आज खेले जाने वाले अपने दूसरे मुकाबसले में नाइजीरिया की टीम को हरा देती है तब भी अर्जेंटीना के राउंड ऑफ 16 में पहुंचने की संभावना बनी रहेगी। इसके लिए अर्जेंटीना को न सिर्फ नाइजीरिया को हराना होगा बल्कि आइसलैंड के क्रोएशिया से हारने की दुआ करनी होगी। अगर ऐसा होता है तो आइसलैंड और अर्जेंटीना के बीच चार-चार अंकों के साथ टाई हो जाएगा और तब फैसला गोल डिफरेंस के आधार पर होगा और उसमें अर्जेंटीना बाजी मार सकता है।