अहमद मूसा के 2 गोल के दम पर अफ्रीकी देश नाइजीरिया ने शुक्रवार को आइसलैंड को 2-0 से हरा दिया। वर्ल्ड कप में नाइजीरिया की यह छठी जीत है। उसने सभी मैच यूरोपीय देशों के खिलाफ ही जीते हैं। इस मैच में 2 गोल दागने के साथ ही अहमद मूसा के नाम 15 अंतरराष्ट्रीय गोल हो गए हैं।
वर्ल्ड कप 2018 में किसी अफ्रीकी देश की यह दूसरी जीत है। नाइजीरिया ने इस जीत से अगले दौर में जाने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। वहीं वर्ल्ड कप इतिहास में अपना मात्र दूसरा मैच खेल रहा आइसलैंड की टूर्नामेंट में ये पहली हार है।
बता दें कि आइसलैंड ने पहली बार फुटबाल वर्ल्ड कप के लिये क्वालीफाई किया है और उसने अपने पहले मैच में दो बार की चैंपियन अर्जेंटीना को 1-1 के ड्रॉ पर रोक कर सबको चौंका दिया था जबकि नाइजीरिया को क्रोएशिया से 0-2 से शिकस्त मिली थी।
स्ट्राइकर अहमद मूसा ने दूसरे हाफ में 49 वें और 75 वें मिनट में दो गोल दागकर नाइजीरिया की उम्मीदों को कायम रखा। इस परिणाम ने ग्रुप डी में नाइजीरिया, अर्जेंटीना और आइसलैंड के लिए अगले दौर में जाने के रास्ते भी खोल दिए हैं। नाइजीरिया की जीत से अर्जेंटीना के फैंस को काफी राहत मिली है।
नाइजीरिया और अर्जेंटीना का अगला मैच 26 जून को एक दूसरे के खिलाफ है। उसी दिन ग्रुप डी में क्रोएशिया और आइसलैंड भी आमने-सामने होंगे। अर्जेंटीना अगर नाइजीरिया के खिलाफ मैच जीत जाता है। वहीं क्रोएशिया की टीम आइसलैंड को हरा देती है तो अर्जेंटीना प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी। क्रोएशिया अपने दोनों मैच जीतकर नॉकऑउट दौर के लिए क्वालीफाई कर चुका है।
अर्जेंटीना को अब नाइजीरिया के खिलाफ और आइसलैंड को क्रोएशिया के खिलाफ अगले सप्ताह अपने अपने मैच जीतने होंगे जबकि नाइजीरिया जीता तो वह अगले दौर में चला जाएगा और गत उपविजेता अर्जेंटीना वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा।