इंडियन सुपर लीग में रविवार को खेले गए मुकाबले में एफसी पुणे सिटी ने जमशेदपुर एफसी को हराकर 3 अंक अर्जित किए। जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले को एफसी पुणे सिटी ने मिडफील्डर आदिल खान एकमात्र गोल की बदौलत घरेलू टीम जमशेदपुर के खिलाफ 1-0 से अपने नाम किया। आईएसएल के इस सीजन में जमशेदपुर की ये पहली हार है। साथ ही जमशेदपुर ने सीजन का अपना पहला गोल खाया।
इस मुकाबले की शुरूआत काफी धीमी रही और मैच के 15 मिनट तक दोनों ही टीमें गोल करने का मौका नहीं बना सकी। मैच के 16वें मिनट में जमशेदपुर को गोल करने का मौका मिला, लेकिन पुणे के गोलकीपर विशाल कैथ ने इसे नाकाम कर दिया। पहले हाफ के 30वें मिनट में आदिल खान का गोल करने का सुनहरा मौका मिला और उन्होंने कोई गल्ती नहीं की। पहले हॉफ तक पुणे ने 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे हॉफ में जमशेदपुर ने अटैक करने की कोशिश की। इस दौरान जमशेदपुर को गोल करने के कई मौके मिले। जमशेदपुर के पास मैच के 76वें मिनट में बराबरी करने का शानदार मौका आया जब फ्री किक से बॉल सौविक घोष के पास बॉक्स में पहुंची लेकिन डिफेंडर ने अपना शॉट पोस्ट के ऊपर मार दिया।
मैच खत्म होने के कुछ देर पहले 88वें मिनट में जमशेदपुर को शानदार मौका मिला। बिस्वास ने फारुख चौधरी के क्रॉस पर हैडर से गोल दागने का प्रयास किया लेकिन पुणे के गोलकीपर विकास कैथ ने इस रोक दिया। इसी आखिरी के प्रयास के बाद पुणे ने 1-0 से मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद एफसी पुणे अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुँच गई है, वहीं जमशेदपुर पांचवे स्थान पर आ गई है।