दिग्गज इंग्लिश प्रीमियर क्लब की टीम मैनचेस्टर युनाइटेड के वेन रूनी ने युनाइटेड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का इतिहास रच दिया है। रूनी ने शनिवार देर रात स्टोक सिटी के खिलाफ खेले गए इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मैच के अंत में गोल दाग यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। मेनचेस्टर के लिए रूनी का यह 546वां मैच था।
युनाइटेड के लिए रूनी का यह 250वां गोल था। बॉबी चार्लटन के 249 गोलों के 44 साल पुराने रिकॉर्ड को रूनी ने अपने इस गोल के साथ ही तोड़ दिया। रूनी के लिए यह लम्हा यादगार रहेगा। इंजुरी टाइम में किए गए रूनी के इसी गोल से मैच में यूनाइटेड ने 1-1 कर वापसी भी की। इंजरी टाइम से पहले दूसरे हाफ में दोनों ही टीम गोल दागने में नाकाम रही। मैच के पहले हाफ में युनाइटेड के आत्मघाती गोल से स्टोक सिटी को 1-0 से बढ़त मिल गई थी।
रूनी की तारीफ़ में चार्लटन ने युनाइटेड की वेबसाइट पर जारी संदेश में कहा, ‘मेरे लिए यह कहना झूठ होगा कि मैं इस रिकॉर्ड के टूटने से निराश नहीं हूं। मैं यही कह सकता हूं कि मैं रूनी के लिए खुश हूं। इतिहास के पन्नों में उनका नाम दर्ज होने योग्य है।‘