कभी हॉकी के सरताज रहे भारत ने एशिया कप हॉकी -2013 में अपने अभियान का जोरदार आगाज किया था। मलेशिया में हुए इस टूर्नामेंट में भारत ओमान, बांग्लादेश और साउथ कोरिया के साथ ग्रुप-बी में था। पहले मैच में भारत की भिड़ंत ओमान से हुई। दोनों ही टीमों पर जीत से शुरुआत करने का दबाव था। हालांकि ओमान की तुलना में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा था।
मैच के चौथे मिनट में भारत की ओर से मनदीप सिंह ने गोल कर इरादे जाहिर कर दिए। 17वें मिनट में रमनदीप सिंह ने भी गोल कर भारत की लीड पुख्ता कर दी। इसके बाद तो टीम इंडिया ने गोल की झड़ी लगा दी। कमजोर ओमान के खिलाफ टीम ने अपने अटैकिंग गेम के सहारे गोलपोस्ट पर धावा बोल दिया। 28वें मिनट में वीआर रघुनाथ और 34वें मिनट में आऱपी सिंह ने गोल कर दिया।
लेकिन मैच के हीरो रहे मनदीप सिंह। टीम का खाता खोलने के बाद उन्होंने 40वें और 44वें मिनट में फिर गोल किए। तीन गोल के साथ मनदीप मैन ऑफ द मैच बने। भारत ने 8-0 के बड़े अंतर से ओमान को धूल चटाई और एशिया कप का जोरदार आगाज किया।