देश में लोकसभा चुनाव अपने चरम पर है। 7 चरणों में होने वाले इस चुनावी रण में नेताओं के अलावा खेल जगत के सितारों का भी बोलबाला दिख रहा है। यही वजह है कि क्रिकेट से लकर मुक्केबाज़ी तक के खेल सितारों ने इस चुनवी समर में अपना दमखम दिखाने के लिए अपनी कमर कस ली है। खेल सितारों के अलावा उनके बच्चें भी अब राजनीति में अपनी किस्मत दांव पर लगा रहे हैं। खबर है कि महान हॉकी प्लेयर मोहम्मद शाहिद की बेटी हिना ने वाराणसी लोकसभा सीट से जनहित पार्टी के टिकट पर नामांकन के आखिरी दिन अपना पर्चा दाखिल कर दिया है।
पेशे से फैशन डिजाइनर हिना,मोहम्मद शाहिद की बेटी के तौर पर जानी जाती हैं। इस दौरान हिना ने कहा कि “मैं निजी मसलों को लेकर राजनीति में नहीं आई हूँ। पापा के गुजरने के बाद कई राजनीतिक दलों ने मां को राजनीति में आने के लिए ऑफर दिया था।” इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि “हम इसके लिए तैयार नहीं थे। मैं महिलाओं के मसलों पर आवाज उठाने के लिये चुनाव लड़ रही हूं।”
अपने बेहतरीन खेल से भारतीय हॉकी को एक नए मुकाम तक ले जाने वाले महान हॉकी प्लयेर मोहम्मद शाहिद को ड्रीबलिंग का जादूगर कहा जाता था। साल 1980 में मॉस्को में हुए ओलंपिक में जीते गोल्ड मेडल में मोहम्मद शाहिद का अहम योगदान था। भारतीय हॉकी टीम की कमान संभाल चुके शाहिद के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें वर्ष 1980 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें साल 1986 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही वो साल 1986 में सबसे कम उम्र में यह सम्मान पाने वाले हॉकी खिलाड़ी बने। 20 जुलाई 2016 को लंबी बीमारी के बाद उनका इंतकाल हो गया था। गौरतलब है कि उनकी मौत के बाद भारत सरकार द्वारा की गई अनदेखी के मद्देनजर उनकी पत्नी परवीन ने पद्म श्री अवार्ड लौटाने की पेशकश की थी।