भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशिया में चल रहे एशियन गेम्स में शानदार आगाज किया है। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से करारी शिकस्त दी। भारत की ओर से सिमरनजीत, दिलप्रीत और मंदीप ने 3-3 गोल किए, जबकि रूपिंदर और आकाशदीप ने 2-2 गोल दागे। वहीं एसवी सुनील, विवेक सागर, हरमनप्रीत और अमित रोहिदास के खाते में 1-1 गोल गया। अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम की ये सबसे बड़ी जीत में से एक हैं। आइये जानते हैं भारतीय पुरुष हॉकी टीम की 5 सबसे बड़ी जीत के बारे में…….
भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 5वीं सबसे बड़ी जीत 1956 मेलबर्न ओलंपिक में नसीब हुई थी। इस टूर्नामेंट के दूसरे मैच में भारत ने यूएसए (अमेरिका) को एकतरफा मुकाबले में 16-0 से हराया था। भारतीय टीम ने इस ओलंपिक में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया था।
1956 मेलबर्न ओलंपिक
मौजूदा विजेता भारत की पुरुष हॉकी टीम ने 18वे एशियाई खेलों में अपने अभियान का जोरदार आगाज करते हुए मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से हरा दिया। एशियाई खेलों में भारत की किसी भी टीम के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वहीं किसी भी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ये चौथी सबसे बड़ी जीत भी है।
2018 एशियन गेम्स
भारतीय हॉकी टीम ने तीसरी सबसे बड़ी जीत 1980 मॉस्को ओलंपिक में तंजानिया को 18-0 से हराकर दर्ज की। इसी टूर्नामेंट में भारत ने क्यूबा को 13-0 से हराया था। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने स्पेन को 4-3 से हराते हुए गोल्ड मेडल जीता था। भारतीय हॉकी टीम का ये आखिरी ओंलपिक गोल्ड था।
1980 मॉस्को ओलंपिक
भारतीय टीम को हॉकी में दूसरी सबसे बड़ी जीत 2007 एशिया कप में मिली। इस टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में भारत ने श्रीलंका को 20-0 से हराते हुए बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में प्रभजोत सिंह ने सबसे ज्यादा 5 गोल दागे। वहीं रघुनाथ, एसवी सुनील और तुषार खांडेकर ने हैट्रिक पूरी की।
2007 एशिया कप
भारतीय हॉकी टीम की सबसे बड़ी जीत 1932 लॉस-एंजिल्स ओलंपिक में देखने को मिली। इन ओलंपिक खेलों में हॉकी की स्पर्धा में सिर्फ़ तीन टीमों ने भाग लिया था। ये टीमें थीं अमेरिका, जापान और भारत। भारतीय टीम ने पहले मैच में जापान पर 11-1 से एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरे मैच में भारत ने रूप सिंह की बदौलत अमेरिका को 24-1 से हरा दिया। ओलंपिक हॉकी में ये जीत का अब तक का सबसे बड़ा अंतर है। इस मैच में रूप सिंह ने 12, ध्यान चंद ने 8, गुरमीत ने 5 और पिनीगर ने 1 गोल दागा।
1932 लॉस-एंजिल्स ओलंपिक