भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस की मुश्किलें थमने का नाम ही नहीं ले रही है। एक और जहां पेस का टेनिस करियर ढलान पर है, वहीं उनकी निजी जिंदगी भी कुछ ठीक नहीं चल रही। खबरों के मुताबिक, कुछ दिन पहले पूर्व प्रेमिका रिया पिल्लई ने पेस पर घरेलू हिंसा और धोखा देने के आरोप में एक करोड़ रुपये के मुकदमा ठोका था।
लेकिन रिया के वकीलों ने मुकदमा दायर करते वक्त मुआवजा राशि एक करोड़ के बजाय दस लाख लिख दी। सिर्फ एक शून्य की गलती ने रिया को 90 लाख का नुकसान करवा दिया। लिहाजा,अब रिया अदालत में पेस के खिलाफ केस जीत भी जाती हैं तो उन्हें सिर्फ दस लाख रूपये ही मिलेंगे। वहीं लिएंडर पेस को वकीलों की इस गलती से 90 लाख रुपयों का फायदा होगा।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, लिएंडर पेस और रिया के बीच की तनतानी काफी लंबे समय से चली आ रही है। पेस और रिया की दस साल की बेटी है जिसे अपने पास रखने के दोनों कोर्ट का सहारा ले रहे हैं। बता दें, 2005 में रिया पिल्लई और लिएंडर पेस लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। इसी दौरान रिया और पेस को ‘आइना’ नाम की बेटी हुई। पेस से झगड़े के बाद रिया उनसे अलग रहने लगी लेकिन आइना अपने पिता के साथ ही रहती हैं। मालूम हो, रिया बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की पहली पत्नी है। संजय दत्त से तलाक लेने के बाद रिया ने लिएंडर पेस का हाथ थामा था।
क्या है पेस की दलील?
इस मामले पर लिएंडर पेस ने कहा है कि रिया को पैसा मांगने का अधिकार नहीं है, क्योंकि कानूनी तौर पर वे दोनों कभी पति-पत्नी नहीं थे। इससे पहले पेस महिमा चौधरी के साथ भी छह साल तक रिलेशनशिप में रहे। इसके बाद महिमा ने पेस पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए 2006 में उद्योगपति बॉबी मुखर्जी से शादी की थी। शादी के तुरंत बाद वह गर्भवती हो गई थी। तब अफवाहें उड़ी थी कि उनकी बेटी आर्यना के पिता लिएंडर पेस ही हैं। बता दें, महिमा चार साल पहले बॉबी मुखर्जी से भी अलग हो चुकी हैं।