बॉलीवुड में खेल जगत के सितारों पर बायोपिक का निर्माण काफी अरसे से चला आ रहा है। खेल सितारों पर बनी फ़िल्में न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करती है बल्कि बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे भी गाड़ती हैं। महेंद्र सिंह धोनी, मिल्खा सिंह, और मैरी कॉम जैसी दिग्गजों पर बनी फिल्मों ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अक्सर दर्शक,अपने चहेते खिलाड़ियों के संघर्ष को रुपहले पर्दे पर देखने के लिए लालायित रहते हैं। इस कड़ी में एक और दिग्गज की जीवनी पर फिल्म निर्माण की चर्चा जोरो पर है। जानकारी के मुताबिक दुनिया के बड़े-से-बड़े पहलवानों को चारो खाने चित करने वाले दिग्गज पहलवान सुशील कुमार की जीवनी पर फिल्म बनने जा रही है।

Picture Source :- India Today
खबर है कि राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर सफल फ़िल्में बनाने वाले बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्माता प्रकाश झा, सुशील की बायोपिक के राइट्स खरीद लिए हैं और उसपर काम करना शुरू कर दिया है। करीबी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस फिल्म के स्क्रीन प्ले और डायलॉग पर काम जारी है। वो जल्द ही हिंदुस्तान के इतिहास के सबसे चर्चित और दो बार ओलंपिक मेडलिस्ट रहे सुशील की फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।

Picture Source :- : Scroll.in
हालाँकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फिल्म में सुशील की भूमिका में कौन-सा एक्टर होगा। कहा जा रहा है कि कई एक्टर के नामों पर चर्चा की जा रही है। जल्द ही नाम फाइनल कर लिया जाएगा। बात करें सुशिल कुमार की तो उन्होंने साल 2008 में हुए बीजिंग ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक और साल 2012 में हुए लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीता था। वैसे सुशील का सफ़र काफी संघर्षपूर्ण रहा है। इस बात में कोई दो राय नहीं है कि उनपर बनने जा रही यह बायोपिक काफी प्रेरणादायक होगी। दर्शक भी अपने चहेते स्टार को रुपहले पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े :- भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कोच सैय्यद अब्दुल रहीम की भूमिका में नज़र आएंगे अभिनेता अजय देवगन