साल 2017 जनवरी में 120,000 डॉलर ईनामी राशि वाली मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में भारत की साइना नेहवाल का जलवा देखने को मिला और उन्होंने खिताबी मुकाबले में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को सीधे सेटों में 22-20, 22-20 से हराया और खिताब अपने नाम कर लिया। रियो ओलिंपिक 2016 के दौरान घुटने में लगी चोट से उबरने के बाद साइना की यह पहली खिताबी जीत थी। इससे पहले साइना ने सेमीफाइनल में हांगकांग की यिप पुई यिन को सीधे गेम में हराते हुए जीत दर्ज की थी। साइना का यिन के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 6-2 था, जिसने पिछली बार 2010 एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी को मात दी थी। इस तरह साइना ने उनके खिलाफ अपना रिकॉर्ड सात जीत का कर दिया था। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदकधारी साइना ने एकतरफा सेमीफाइनल मुकाबले में पांचवीं वरीय यिन को 21-13 21-10 से शिकस्त दी थी।
शीर्ष वरीयता प्राप्त साइना एक समय पहले सेट में 0-4 से पिछड़ रही थी। बाद में पोर्नपावी चोचुवोंग ने अपनी लीड को 11-5 कर लिया। हालांकि साइना ने जोरदार वापसी करते हुए यह सेट 22-20 से जीत लिया। दूसरे सेट में भी मुकाबला कांटे का रहा। एक समय मुकाबला 17-16 पर था। हालांकि अनुभवी साइना ने इसके बाद लगातार 4 अंक लेकर बढ़त बनाई। चोचुवोंग ने जोरदार वापसी की और मैच को 20-20 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद साइना ने लगातार दो अंक लेकर खिताब अपने नाम कर लिया।
साइना ने साल 2017 का पहला खिताब जीतकर जीत के साथ नए वर्ष की शुरुआत की। साइना ने साल 2016 में अपना अंतिम खिताब ऑस्ट्रेलिया ओपन में जीता था। भारतीय स्टार साइना नेहवाल को फाइनल मुकाबला जीतने में 46 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा। मलेशिया का टर्फ भारतीय खिलाड़ियों को लुभाता रहा है। पीवी सिंधु ने वर्ष 2-13 में और वर्ष 2016 में खिताब जीता था। साइना ने इससे पहले वर्ष 2011 में फाइनल तक का सफर तय किया था।