हर साल आईपीएल का रोमांच अपने चरम पर होता है और दर्शक साल भर बड़ी उत्सुकता से इसके शुरू होने का इंतज़ार करते हैं। कुछ ख़ास जरुर है इस लीग में तभी तो इसकी लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। करोड़ों दर्शक इस लीग को देखने के लिए इतने उत्साहित रहते हैं कि इसके शुरू होते ही अपने सभी महत्वपूर्ण काम छोड़कर वो अपने मोबाइल और टीवी स्क्रीन से चिपक जाते हैं। उनकी दीवानगी का आलम यह है कि वो इसे एक महापर्व की तरह मनाने लगे हैं। ख़ैर इसका अपना अलग अंदाज़ इसे भव्यता प्रदान करता है। अकूत धन वाले इस खेल में एक सुपरहिट फिल्म की तरह वो सारे मसालें मौजूद है जो फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट बनाने के लिए जरुरी होते हैं। मसलन, फिल्म की कहानी की तरह ही इस खेल में रोचकता है, रोमांच है, थ्रिलर है, एक्शन है, फाइटिंग है और सस्पेंस भी है। जी हां, सस्पेंस तो बहुत है। वो इसलिए क्योंकि कोई इसकी सटीक भविष्यवाणी नहीं कर सकता।
अब बात जब सस्पेंस की हो चली है तो एक सस्पेंस इस लीग में खेलनी वाली आठों टीम के लोगो पर भी बरक़रार है। आईपीएल देखते समय एक प्रश्न अदृश्य तरीके से जेहन में उठता जरूर है कि इन आठों टीम के लोगो आखिर में क्या कहते हैं? क्यों इन्हें इस तरह बनाया गया और इसके पीछे क्या मकसद है? जरूर कुछ सोच समझ कर ही इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया होगा। आपकी इस उलझन को सुलझाने के लिए यहाँ हम एक नज़र डालेंगे सभी आईपीएल टीमों के लोगो पर।
अगर आप चेन्नई सुपर किंग्स के लोगो को ध्यान से देखें तो आपको एक दहाड़ता हुए शेर दिखाई देगा। शेर की दहाड़ वाले इस लोगो का अर्थ है कि शेर जीत का भूखा है। यह टीम के खिलाड़ियों की क्षमता और जीत के प्रति जद्दोजहद को दर्शाता है।
चेन्नई सुपर किंग्स (Picture Source :- CSK KreedOn)
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का लोगो आपने आप में बेहद अनूठा है। इस टीम के लोगो में एक शेर लाल रंग के वृत्त (सर्कल) के ऊपर खड़ा है। यह स्थिरता और संघर्ष का संकेत देता है। यह लोगो टीम के खिलाड़ियों को जुझारू बनने का लिए प्रोत्साहित करता है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Picture Source :- facebook.com)
राजाओं के स्थान राजस्थान का लोगो देखने में काफी आकर्षक है। नीले रंग में अंग्रेजी वर्णमाला का अक्षर आर (R) दो बार लिखा हुआ है और दो शेर स्वागत की मुद्रा में खड़े हैं। यह लोगो स्पष्ट संदेश देता है कि आप जीत कर आइये हम आपके स्वागत के लिए तैयार हैं।
राजस्थान रॉयल्स (Picture Source :- whoistheownerof.com)
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का लोगो देखने में बेहद अलग है। इसमें शेर की जगह ईगल का उपयोग किया गया है जिसके पीछे उगते हुए सूरज को दिखाया गया है। यह खिलाड़ियों को जीत के लिए धैर्य के साथ संघर्ष करने का संदेश देता है।
सनराइजर्स हैदराबाद (Picture Source :- Times of India)
आईपीएल की टीम किंग्स इलेवन पंजाब के लोगो पर ग़ौर फरमाए तो आपको दो शेर आँख मूंदे दहाड़ते नज़र आएंगे। दोनों दिशाओं की ओर देखते यह दोनों शेर इस बात का संकेत दे रहे हैं कि किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी बेहद चौकन्ने हैं और हर हाल में इन्हें जीतना ही पसंद है। जीत से समझौता करना इन्हें नहीं आता।
किंग्स इलेवन पंजाब (Picture Source :- Adage India)
कोलकाता नाईट राइडर्स के लोगो में भी शेर नहीं है। इस टीम के लोगो में बैंगनी रंग का इस्तेमाल किया गया है जो उनके शाही अंदाज़ को दर्शाता है। यह लोगो उनके शूरवीरों के पराक्रम को दर्शाता है और खिलाड़ियों को कड़े संघर्ष के लिए प्रोत्साहित करता है।
कोलकाता नाईट राइडर्स (Picture Source :- WallpaperCave)
मुंबई इंडियंस के लोगो में शेर नदारद है। यह लोगो समझ के परे है,एक नज़र में देखने पर यह जापान के निंजा स्टार जैसा प्रतीत होता है। चक्र की तरह बना यह लोगो टीम के खिलाड़ियों को विरोधी खेमे को उलझा कर हर हाल में जीतने का संदेश देता है।
मुंबई इंडियंस (Picture Source :- Times of India)
दिल्ली कैपिटल्स के लोगो में एक नहीं, दो नहीं बल्कि तीन शेरों का इस्तेमाल किया गया है। यह टीम की क्षमता और उनकी ताकत का प्रतिक है। यह दर्शाता है कि टीम के खिलाड़ियों की ताकत और फुर्ती का मुकाबला आसानी से नहीं किया जा सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स (Picture Source :- Times of India)
इसे भी पढ़े :-आईपीएल 2019 : चीयरलीडर्स का रंगारंग अवतार, देखें तस्वीरें