क्रिकेट के खेल में विश्व कप ‘महाभारत के युद्ध’ जैसा है। जहां हर टीम में कोई अभिमन्यू तो कोई अर्जुन का किरदार निभाता था। इस बार इसकी ‘रण भूमि’ इंग्लैंड और वेल्स की धरती पर बने मैदान होंगे। 12वें विश्व कप का आगाज़ 30 मई से होगा। जिसमें पहला मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इस समय फैंस के बीच विश्व कप का रोमांच अपने चरम पर है। सभी इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।
ऐसे में हम आपसे एक छोटा सा सवाल पूछना चाहते हैं। क्या आप जानते हैं कि वर्ल्ड कप की शुरुआत महिला क्रिकेट से हुई थी? शायद नहीं, आप इतिहास के पन्नो में दफ्न इस सच को नहीं जानते होंगे। पुरुष वर्ल्ड कप की शुरुआत तो महज 44 साल पहले हुई थी। पहला पुरुष विश्व कप साल 1975 में खेला गया था। जबकि इससे पहले महिला विश्व कप 20 जून 1973 में खेला गया था।
कारोबारी जैक हेवर्ड के डोनेशन से हुआ था पहला विश्व कप
इस महिला विश्व कप की और भी खास बात यह है कि इसका आयोजन करने के लिए आयोजकों के पास जरूरी फंड मौजूद नहीं था। जिसके बाद कारोबारी जैक हेवर्ड ने 40 हजार पाउंड डोनेट किए थे। तब जाकर महिला विश्व कप का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में कुल 7 टीमों ने हिस्सा लिया। जिसमें इंग्लैंड की महिला टीम विजेता बनी।
यह टूर्नामेंट भी उस समय राउंड रॉबिन लीग के नियम के तहत खेला गया था। आपको बता दें, 44 साल के पुरुष क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में इस बार दूसरी दफा राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सभी टीमों का मुकाबला होगा। महिला विश्व कप शुरू होने के ठीक दो साल बाद 7 जून 1975 में पहले पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड का आयोजन किया गया था।
आपको बता दें कि अब तक 11 पुरुष विश्व कप का आयोजन किया गया है। आज से 12वें पुरुष विश्व कप का आगाज़ होने जा रहा है। वहीं महिला विश्व कप की बात करें तो अभी तक कुल 11 विश्व कप खेले गए हैं। 12वें महिला विश्व कप का आयोजन 2021 में न्यूजीलैंड में होगा।