कम समय में नेम और फेम हासिल करना सबका सपना होता है। कई मर्तबा इसे पूरा कर पाना बेहद मुश्किल होता है। ऐसे में खेल एक ऐसा जरिया है जिससे आप अपने सपने को पूरा होते देखते हैं। बात करें क्रिकेट की तो यह खेल हमेशा से रोमांचकारी रहा है। इस खेल में कब क्या हो जाए इसकी भविष्यवाणी कर पाना बेहद मुश्किल होता है। माना कि इस खेल में बेमुशर शोहरत और दौलत है। रातों-रात फर्श से अर्श पर ले जाने वाले इस खेल में पहचान आसानी से मिल जाती है। हालाँकि जितना आसान आज है अपनी पहचान बनाना पहले इतना सरल नहीं था। एक दौर वो भी हुआ करता था जब खिलाड़ी कई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने के बाद भी लोगों के जेहन में छाप नहीं छोड़ पाते थे। लेकिन अब मंजर बदल चुका है। आईपीएल का दौर चल रहा है, इस माहौल में जहाँ शोहरत की बुलंदियां है तो रातों रात मिलने वाली पहचान भी है। आईपीएल ने ऐसे कितने ही अनजान से दिखने वाले चेहरों को अपना हुनर दिखाने का सुनहरा मौका दिया है। उन्होंने अपने हुनर के दम पर जो पहचान पाई है वो सिर्फ आईपीएल की ही बदौलत संभव हो पाया है। आज यहाँ हम एक नज़र डालेंगे उन खिलाड़ियों पर जिनकी प्रसिद्धि में आईपीएल का अहम योगदान रहा है।
अपने बिंदास अंदाज़ की वजह से सुर्ख़ियों में रहने वाले टीम इंडिया के हरफ़नमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या आज किसी परिचय के मोहताज़ नहीं है। साल 2015 में आईपीएल की दुनिया में आगाज़ करने वाले इस खिलाड़ी ने अपने बढ़िया खेल की वजह से टीम इंडिया में शामिल होने का सपना पूरा किया और आज वो टीम के सबसे विश्वसनीय खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हैं। साल 2019 के आईपीएल में वो 11 करोड़ रुपए में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े। गेंदबाज़ी के अलावा उनका बल्ला भी विरोधी टीम के खिलाफ जमकर बरसता है। आईपीएल की वजह से आज उन्हें घर-घर में पहचाना जाने लगा है।
हार्दिक पांड्या (Picture Source :- AFP)
साल 2011 में मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल की चकाचौंध दुनिया में पर्दापण करने वाले 28 वर्षीय गेंदबाज़ यजुवेंद्र चहल को भी आईपीएल ने ही शोहरत की बुलंदियों की सीढ़ियों पर चढ़ने का मौका दिया। हालाँकि साल 2014 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का दामन थाम लिया। आज वो टीम इंडिया के महत्वपूर्ण गेंदबाज़ के रूप में जाने जाते हैं। उन्हें रॉयल चैलेंजर बंगलोर ने 6 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है।
यजुवेंद्र चहल (Picture Source :- AFP)
साल 2009 के आईपीएल में पहले भारतीय खिलाड़ी द्वारा शतक जड़ने का करिश्मा मनीष पांडे के नाम ही है। आईपीएल में पहला शतक लगाने के बाद चर्चा में आए मनीष टीम इंडिया के लिए आसानी से चुन लिए गए। आईपीएल में खेलते हुए मनीष अपनी बल्लेबाज़ी का लोहा मनवा चुके हैं। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें साल 2019 के आईपीएल में सनराइज़र्स हैदराबाद ने 11 करोड़ की भारी-भरकम राशि में अपने साथ जोड़ा है।
मनीष पांडे (Picture Source :- AFP)
पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा बनने से पहले अंबाती रायडू मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल का आठ सीजन खेल चुके थे। 33 वर्षीय रायडू के उम्दा खेल प्रदर्शन की वजह से उन्हें साल 2013 में टीम इंडिया में चुना गया था। आईपीएल में अपनी बल्लेबाज़ी की धौसं जमाने वाले अंबाती को टीम इंडिया का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। उनके बल्ले का ही कमाल है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 2 करोड़ 20 लाख रुपए में उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका दिया।
अंबाती रायडू (Picture Source :- AFP)
भारतीय क्रिकेट टीम के घातक गेंदबाज़ों में शुमार जसप्रीत बुमराह साल 2013 से आईपीएल का हिस्सा बने हुए हैं। आईपीएल की वजह से टीम इंडिया में शामिल होने तक के सफर में उनका प्रदर्शन दमदार रहा है। 25 वर्षीय गेंदबाज़ बुमराह ने आईपीएल की वजह से जो मुकाम हासिल किया है उसे बयां करने के लिए शब्द कम पड़ सकते हैं शायद। जसप्रीत की गेंदबाज़ी का ही कमाल है कि उन्हें साल 2019 के आईपीएल के लिए 7 करोड़ की रकम में ख़रीदा गया।
जसप्रीत बुमराह (Picture Source :- AFP)
साल 2017 में आईपीएल की रंगीन दुनिया में अपना कदम रखने वाले 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम का हिस्सा थे। उनके प्रदर्शन की वजह से उन्हें टीम इंडिया की तरफ से खेलने का मौका मिला। आईपीएल की बदौलत उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। उनके उम्दा खेल से प्रभावित होकर ही उन्हें हैदराबाद सनराइज़र्स ने 2 करोड़ 60 लाख में अपने टीम में शामिल किया।
मोहम्मद सिराज (Picture Source :- AFP)
क्रुणाल पांड्या आज हर घर में जाना पहचाना चेहरा है। इस हरफनमौला खिलाड़ी ने अपने हुनर के दम पर आईपीएल की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। साल 2016 में आईपीएल में दो करोड़ रुपये की कीमत में बिकने वाले क्रुणाल पर साल 2019 के आईपीएल में 8 करोड़ 80 लाख रुपए की बोली लगाई गई। मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलने वाले 27 वर्षीय क्रुणाल पिछले तीन वर्षों से इस टीम के लिए खेल रहे हैं।
क्रुणाल पांड्या (Picture Source :- AFP)