महेंद्र सिंह धोनी……. यानी एक ऐसा खिलाड़ी जिसमें गगनचुंबी छक्के जड़ने की क़ाबलियत के साथ-साथ विकेट के पीछे चीते जैसे फुर्ती है। पलक झपकते ही गिल्लियां बिखेरने में महारत हासिल है इस खिलाड़ी को। एक नहीं दो नहीं बल्कि ना जाने कितने बार हमनें विकेट पीछे धोनी की इस क़ाबलियत को देखा है। दिल्ली के फ़िरोज़शाह कोटला मैदान पर पुणे और दिल्ली के बीच चल रहे आईपीएल के 52वें मैच में एक बार फिर से धोनी ने कुछ ऐसा ही किया।
टॉस जीत कर दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही थी और दिल्ली की पारी के 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर वो हुआ जिसके लिए माही मशहूर हैं। गेंदबाज़ थे वाशिंटन सुंदर और सामने बल्लेबाज़ थे कोरी एंडरसन। एंडरसन वाशिंटन की ऑफ स्टंप के बाहर जाती हुई गेंद पर चकमा खा गए और फिर क्या था बाकी का काम धोनी ने कर दिया। पलक झपकते ही उन्होंने गेंद को लपक लिया और बल्लेबाज़ को वापस क्रीज़ आने का कोई भी मौक़ा नहीं दिया। उस समय टीम का स्कोर 124 था और एंडरसन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज़ का विकेट मिलना पुणे की टीम के लिए काफी अहम था। एंडरसन 5 गेंदों में सिर्फ 3 रन ही बना पाए। निर्धारित 20 ओवरों में दिल्ली की टीम ने 8 विकेट 168 रनों का स्कोर खड़ा किया।
इस लाजवाब कीपिंग के साथ ही धोनी ने इस मैच में अपने नाम एक और कारनामा दर्ज किया। इस मैच के दौरान उन्होंने आईपीएल में अपना 100 शिकार पूरा कर लिया। दिल्ली के बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर का कैच लपकते ही धोनी ने आईपीएल में अपने 100 शिकार पूरे कर लिए। आपको बता दें धोनी ने एक फील्डर के तौर पर भी 4 खिलाड़ियों को आउट किया है। ये आंकड़े उसको मिला कर ही हैं। गौरतलब है कि धोनी आईपीएल इतिहास में 100 शिकार करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। धोनी ने ये कारनामा आईपीएल के 156 मैच में पूरा किया है। उनसे पहले आईपीएल में 100 शिकार करने वाले खिलाड़ी रहे हैं दिनेश कार्तिक जिनका अब तक कुल 105 बल्लेबाज़ों के आउट होने में हाथ रहा है।