इंडियन प्रीमियर लीग के दसवें सीजन से ठीक पहले महेन्द्र सिंह धोनी को कप्तान पद से हटाने पर पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की जमकर आलोचना की है। इतना ही नहीं भारत के पूर्व कप्तान ने इस फैसले को ‘अपमानजनक’ भी करार दिया। अजहरूद्दीन ने ‘आज तक’ से कहा, ‘‘जिस तरीके से यह फैसला किया गया वह तीसरे दर्जे का और अपमानजनक था। धोनी भारतीय क्रिकेट का हीरा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में पिछले आठ-नौ वषरें में हर टूर्नामेंट जीता है और यहां तक कि फ्रेंचाइजी यह कह सकती हैं कि वे अपने पैसों से टीम चला रहे हैं, क्या उन्हें धोनी को कप्तानी से हटाने से पहले उनका कद और रूतबा नहीं देखना चाहिए था। पूर्व क्रिकेटर होने के कारण मुझे इस पर गुस्सा आया और मैं इससे दुखी हूं। ’’
धोनी के स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान स्टीव स्मिथ को पुणे ने कप्तान नियुक्त किया है। इससे धोनी का अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों में कप्तानी पारी समाप्त हो गयी। पुणे पिछले सीजन में आठ टीमों के बीच सातवें स्थान पर रहा था और अजहर ने कहा कि इसकी सारा दोष धोनी को देना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं करती है तो कप्तान क्या करेगा। यदि धोनी अच्छा और प्रेरणादायी कप्तान नहीं होता तो क्या वह दो आईपीएल खिताब जीत पाता। ’’