आईसीसी द्वारा जारी ताज़ा वनडे रैंकिंग में बांग्लादेश की टीम ने लंबी छलांग लगाई है। अपने हालिया अच्छे प्रदर्शन के कारण बांग्लादेश की टीम अब नवें स्थान से सीधा छठे स्थान पर पहुंच गई है। जारी की गई ताज़ा वनडे रैंकिंग के अनुसार अब बांग्लादेश के 93.5 अंक हो गए हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका ने वनडे में अपनी बादशाहत को बरक़रार रखा है। वो 122 प्वाइंट के साथ नंबर वन पर काबिज़ है जबकि ऑस्ट्रेलिया टीम 118 अंक लेकर दूसरे पायदान पर है। भारत 117 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ 1 अंक पीछे है और वो तीसरे पायदान पर कायम है।
आपको बता दें अभी हाल ही में बांग्लादेश की टीम ने आयरलैंड और न्यूज़ीलैंड को मात दी थी जिसका फायदा उन्हें वनडे रैंकिंग में मिला। ये पहला मौक़ा है जब वनडे रैंकिंग में बांग्लादेश की टीम इतनी आगे पहुंची है। श्रीलंका की टीम 92.8 प्वॉइंट के साथ उससे पीछे है। वहीं पाकिस्तान की टीम 88 अंकों के साथ आठवें और वेस्टइंडीज 79 अंकों के साथ नवें पायदान पर इस रैंकिंग में बांग्लादेश से पीछे काबिज़ हैं। इसका मतलब ये हुआ कि बांग्लादेश की टीम तीन विश्व विजेताओं श्रीलंका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज से रैंकिंग में आगे निकल गई है। चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने से पहले ये इस टीम के मनोबल को काफी बढ़ा सकता है। चौथे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड की टीम के 114 अंक हैं। पांचवें नंबर पर इंग्लैंड की टीम के 111 अंक हैं।
टीम | प्वॉइंट |
1. दक्षिण अफ्रीका | 122 |
2.ऑस्ट्रेलिया | 118 |
3.भारत | 117 |
4.न्यूजीलैंड | 114 |
5.इंग्लैंड | 111 |
6.बांग्लादेश | 93 |
7.श्रीलंका | 93 |
8.पाकिस्तान | 88 |
9.वेस्टइंडीज | 79 |