इंडियन प्रीमियर लीग-2017 के कार्यक्रम में कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं। इन बदलाव से तीन मैच प्रभावित होंगे, जिनके स्थान और तारीख में बदलाव हुए हैं। दरअसल दिल्ली में 22 अप्रैल को स्थानीय निकाय के चुनाव होने हैं। इसी दिन वहां दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस का मैच भी होना था। ये दोनों बड़े इवेंट एक साथ करा पाना बेहद मुश्किल होता। इसलिए अब इस मैच को मुंबई शिफ्ट कर दिया गया है। क्रिकबज़ के मुताबिक, दिल्ली में ये मैच शाम चार बजे से खेला जाना था, लेकिन अब मुंबई में शिफ्ट होने के बाद ये रात आठ बजे से खेला जाएगा।
इसी तारीख, यानी 22 अप्रैल को ही रात आठ बजे से पुणे में राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद का भी मैच होना था। लेकिन रात आठ बजे से दिल्ली बनाम मुंबई का मैच शिफ्ट होने के बाद अब पुणे बनाम हैदराबाद मैच शाम चार बजे से खेला जाएगा। हालांकि इस मैच की जगह नहीं बदली गई है और ये पुणे में ही खेला जाएगा।
इसके अलावा एक बदलाव और किया गया है। छह मई को दिल्ली और मुंबई के बीच जो मैच मुंबई में रात आठ बजे से खेला जाना था, वो मैच अब दिल्ली में खेला जाएगा। इस मैच का समय रात आठ बजे का ही रहेगा।