आईपीएल 2017 का 28वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजाएन्ट के बीच हुआ। मेजबान मुंबई इंडियंस के लिए ये मैच बिल्कुल भी मनमाफिक नहीं रहा। पहले तो टीम को अपने घरेलू मैदान पर तीन रन से नजदीकी हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद अब टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर जुर्माना भी लगा दिया गया है। अंपायर के एक फैसले पर नाखुशी जताने के कारण रोहित शर्मा पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। ये फैसला मैच रेफरी ने मैच के बाद सुनाया।
दरअसल वाकया मुंबई इंडियंस की पारी के आखिरी ओवर का है। जयदेव उनादकट गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित ऑफ स्टम्प की ओर काफी आगे तक आ गए। उनादकट ने गेंद लेग की ओर जाती हुई फेंकी। जिसे रोहित खेलने से चूक गए, क्योंकि वो काफी आगे निकल आए थे। उन्हें लगा कि ये वाइड बॉल होगी, लेकिन अंपायर ने वाइड का इशारा नहीं किया। इस पर रोहित भड़क गए। उनका मानना था कि इसे वाइड बॉल करार दिया जाना चाहिए था। इसी बात पर उनकी अंपायर एस रवि से काफी गरमागरम बहस हो गई। किसी तरह मामला शांत हुआ। बाद में टीवी रिप्ले से साफ हुआ कि चूंकि रोहित ऑफ स्टम्प पर काफी आगे निकल आए थे, ऐसे में उस गेंद को वाइड करार नहीं दिया जा सकता था।
अंपायर से इसी बहस के कारण रोहित को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल एक के अपराध 2.1.5 का दोषी पाया गया और उनपर जुर्माना लगाया गया। बहरहाल रोहित ने इस मैच में 39 गेंद पर 58 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी टीम को तीन रन से हार का सामना करना पड़ा।