वैसे भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मेहमाननवाज़ी करना बहुत अच्छा लगता है। जब भी उन्हें मेजबानी करने का अवसर मिलता है वो नहीं चूकते। शुरू से ही धोनी खातिरदारी करने में माहिर रहे हैं। इस बार तो मौका और दस्तूर दोनों था तो धोनी भी इस मौके को न गवाते हुए टीम इंडिया की जमकर आवभगत की। गौरतलब है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच एकदिवसी मैचों की सीरीज का तीसरा मैच 8 मार्च को धोनी के शहर रांची में खेला जाना है। इस मौके पर टीम इंडिया के रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर उतरते ही प्रशंसकों की भारी भीड़ ने उनका जोरदार तालियों से स्वागत किया।
वहां मौजूद प्रशंसकों ने माही, माही के नारे लगाए।अपने हीरों की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब दिखे। टीम इंडिया के खिलाड़ियों की एक झलक पाने को बेताब भीड़ को जैसे-तैसे काबू किया गया। अब जब टीम इंडिया धोनी के होमटाउन में हो और मस्ती न हो ऐसा हो नहीं सकता। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने रांची शहर से 15 किलोमीटर दूर सिमलिया स्थित अपने फार्म हाउस ‘कैलाशपति’ में एक भव्य डिनर का आयोजन किया था। उनकी इस डिनर पार्टी में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री समेत सभी खिलाड़ी मौजूद थे। धोनी के अलावा पत्नी साक्षी भी इस डिनर पार्टी में मौजूद थी। इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने जमकर मस्ती की। शिखर धवन और मोहम्मद शमी ने धोनी के घर हुई इस डिनर पार्टी की तस्वीरें अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की।

Picture Source :- Instagram/shikhardofficial
टीम इंडिया अगर यह मैच जीतती है तो वो यह सीरीज अपने नाम कर लेगी। गौरतलब है कि हैदराबाद और नागपुर में खेले गए दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया को हार का मुहं देखना पड़ा था। दोनों मैचों की जीत से उत्साहित टीम इंडिया इस सीरीज को अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।