आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी आईसीसी के द्वारा आयोजित किए जाने वाले टूर्नामेंटों में विश्व कप के बाद दूसरा सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। इसकी शुरुआत साल 1998 में की गई थी। पहला संस्करण बांग्लादेश में आयोजित किया गया था। इसके बाद हर दो साल के बाद यह टूर्नामेंट आयोजित किया जाने लगा। लेकिन 2009 में दक्षिण अफ्रीका में जब इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया तब तीन साल गुजर चुके थे। इसके बाद अगला संस्करण 2013 में इंग्लैंड में चार सालों के बाद आयोजित किया गया। माना गया कि यह इस टूर्नामेंट का अंतिम संस्करण है और इसकी जगह आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। बहरहाल, साल 2014 में यह निर्णय पलट दिया गया। आईसीसी ने घोषणा की कि अगली चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2017 में किया जाएगा। यह चैंपियंस ट्रॉफी का नौंवा संस्करण है। इस बीच सवाल पैदा होता है कि चैंपियंस ट्रॉफी में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड किस बल्लेबाज के नाम है। आइए हम आपको इन पांच बल्लेबाजों से रूबरू कराते हैं।
सौरव गांगुली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को ऑफ स्टंप का भगवान कहा जाता था। गेंदबाज ने उन्हें अगर ऑफ स्टंप के आसपास जगह बनाने का मौका दे दिया तो उसकी खैर नहीं। गांगुली साल 1998 से 2004 तक चैंपियंस ट्रॉफी में खेले। इस दौरान उन्होंने 13 मैचों की 11 पारियों में 73.88 के बेहतरीन औसत से 665 रन बनाए। गांगुली ने इस दौरान तीन शतक और तीन अर्धशतक लगाए। इसके अलावा उनका सर्वोच्च स्कोर 117* रहा। गांगुली के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। वह 17 छक्के लगा चुके हैं। गांगुली ने साल 2000 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 141* रनों की पारी के दौरान 6 छक्के जड़े थे।

क्रिस गेल: वेस्टइंडीज के तेजतर्रार बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। गेल ने साल 2002 से 2013 के बीच कुल 17 मैचों की 17 पारियों में 52.73 के बढ़िया औसत से 791 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया। इसके अलावा वह 101 चौके लगाने में भी कामयाब रहे। गेल का सर्वोच्च स्कोर 133* है। इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के लिए वेस्टइंडीज क्वालीफाई नहीं कर पाई है। इस तरह हम गेल को इस संस्करण में खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। गेल के नाम 15 छक्के हैं और वह इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

शेन वॉटसन : ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। वॉटसन ने साल 2002 से 2013 के बीच कुल 17 मैचों की 15 पारियों में 41.18 की औसत से 453 रन तो बनाए ही। साथ ही 12 छक्के भी लगाए। इसके अलावा उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक भी जमाए। वॉटसन का चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वोच्च स्कोर 136* है। वॉटसन ने 136* रनों की पारी के दौरान 7 छक्के जड़े थे।

पॉल कॉलिंगवुड : इंग्लैंड के मध्यक्रम के बेहतरीन बल्लेबाज पॉल कॉलिंगवुड ने साल 2004 से 2009 तक क्रिकेट खेली और इस दौरान उन्होंने 11 मैचों की 11 पारियों में कुल 11 छक्के लगाए। ये अजीब संयोग है कि उनके चैंपियंस ट्रॉफी रिकॉर्ड में कई चीजें 11-11 हैं। कॉलिंगवुड ने इस दौरान 50.37 की औसत से 403 रन बनाए। वहीं दो अर्धशतक लगाए। कॉलिंगवुड ने साल 2004 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 80* रनों की पारी के दौरान 3 छक्के, साल 2009 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 82 रनों की पारी के दौरान 3 छक्के। वहीं साल 2009 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ 40 रनों की पारी के दौरान 3 छक्के मारे थे। कॉलिंगवुड ने वैसे इस टूर्नामेंट में शानदार अंदाज में क्रिकेट खेली।

शाहिद अफरीदी : पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के मारने के मामले में पांचवें नंबर पर हैं। उल्लेखनीय है कि अफरीदी 351 वनडे छक्कों के साथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। अफरीदी ने 1998 से 2009 के बीच 13 मैच इस टूर्नामेंट में खेले और इस दौरान 10 छक्के जड़े। अफरीदी ने साल 2002 में नीदरलैंड के खिलाफ अपनी 18 गेंदों में 55 रनों की पारी में 6 छक्के जड़े थे। यह उनकी चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तूफानी पारी है। वैसे अफरीदी चैंपियंस ट्रॉफी में ज्यादा रंग नहीं जमा पाए। यही एक अर्धशतक इस टूर्नामेंट में वह अपने नाम कर पाए। उनका रन बनाने का औसत 15.18 का रहा जो बेहद कमजोर है।
