इन दिनों मीडिया में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी की चर्चा ज़ोरों पर है। अभी तक न ही विराट और न ही अनुष्का की तरफ से शादी की बात की कोई पुष्टि हुई है लेकिन सारे पहलू इनकी शादी की ओर ही इशारा कर रहे हैं। ऐसी खबर आ रही है कि विराट और अनुष्का दिसंबर के दूसरे हफ्ते में इटली के मिलान में शादी करने वाले हैं। माना जा रहा है कि विराट की शादी के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। खबरों के मुताबिक विराट और अनुष्का 11 या 12 दिसंबर को शादी कर सकते हैं।

मुंबई में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
ऐसा कहा जा रहा है कि विराट और अनुष्का इटली के मिलान शहर में शादी कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार विराट कोहली अपने करीबी लोगों के साथ इटली पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही अनुष्का भी अपने परिवार के साथ मुंबई से इटली के लिए गुरुवार को रवाना हो चुकी हैं। अनुष्का के साथ पंडित आनंद महाराज जी भी इटली गए हैं। अब इनकी शादी को लेकर मीडिया में एक और बड़ी जानकारी ये आ रही है कि शादी के बाद इनका भव्य रिसेप्शन 21 दिसंबर को मुंबई में आजोयित किया जाएगा जिसमें बॉलीवुड, क्रिकेट जगत और रानजीति के दिग्गज लोग शिरकत करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार मुंबई के JW Marriot होटल में पार्टी का आयोजन किया जाएगा।
सब्यसाची मुखर्जी होंगे अनुष्का के ड्रेस डिज़ाइनर?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी में जाने-माने फैशन डिज़ाइनर सब्यसाची मुखर्जी अनुष्का की शादी की ड्रेस को डिज़ाइन कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार पिछले हफ्ते वो अनुष्का के घर भी गए थे जिसके बाद से ही इस बात को और हवा मिल गई कि सब्यसाची अनुष्का की वेडिंग ड्रेस को डिज़ाइन कर रहे हैं।

सचिन और युवराज को मिला शादी का निमंत्रण
इसी बीच एक खबर ये भी आ रही है कि विराट-अनुष्का की शादी में सिर्फ दो भारतीय क्रिकेटर को निमंत्रण दिया गया है। ये दो क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर और युवराज सिंह हैं। साथ ही विराट के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी इस समारोह में शामिल होंगे। आपको बता दें दिल्ली अंडर-23 टीम के कोच शर्मा ने इस समारोह के चलते टीम के एक महत्वपूर्ण मैच के दौरान ब्रेक लिया है।
