अगर आप हॉकी से बेइंतहा प्यार करते हैं तो यकीन मानिए ये लेख आपको बेहद पसंद आएगा। भारत में हॉकी की वर्तमान स्थिति जो भी हो लेकिन भारत में हॉकी का स्वर्णिम इतिहास रहा है। ओलंपिक में 8 गोल्ड जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम ने पिछले कुछ सालों में बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि इस साल हॉकी टीम सुल्तान अजलान शाह और कॉमनवेल्थ गेम्स वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाई जैसी उससे उम्मीद थी।
इस साल भारतीय हॉकी टीम को एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। ऐसे में भारतीय हॉकी प्रेमी यही उम्मीद लगा रहे हैं कि इन दो बड़े टूर्नामेंट भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी और भारत के लिए मेडल जीतकर लाएगी।
भारत में हॉकी के क्रेज का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि हॉकी पर अभी तक भारत में दो फिल्में बन चुकी हैं जिन्हें काफी पसंद किया गया। पहली फिल्म थी शाहरुख खान स्टारर चक दे इंडिया जो 2007 में बनी। इसके बाद 2015 में पृथ्वीपाल सिंह…ए स्टोरी बनाई गई जिसे तीन बार के ओलंपिक मेडलिस्ट पृथ्वीपाल सिंह के जीवन पर तैयार किया गया था।
ये बेहद ही दिलचस्प संयोग है कि हॉकी के दो बड़े टूर्नामेंट से पहले देश में हॉकी पर आधारित 4 बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं, जो भारतीय फैन्स और हॉकी टीम में नया जोश भर सकती हैं। तो आइये जानते हैं साल 2018 में हॉकी पर बेस्ड रिलीज होने वाली 4 फिल्मों के बारे में……
‘खिदो खुंडी’
पंजाब की धरती ने भारतीय हॉकी टीम को कई बड़े सितारे दिए हैं। यही वजह है कि इस साल हॉकी पर आधारित दो फिल्में पंजाबी में आ रही हैं, जिसमें पहली फिल्म ‘खिदो खुंड़ी’ है। ‘खिदो खुंडी’ पहली पंजाबी फिल्म है जो पंजाब के लोकप्रिय खेल हॉकी पर आधारित है और यह इस खेल के शानदार इतिहास पर एक नजर डालती है। खिदो खुंडी 20 अप्रैल को रिलीज हो चुकी है दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
ये फिल्म जालंधर के निकट स्थित एक छोटे से गांव संसारपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। संसारपुर गांव ने भारतीय हॉकी टीम को 15 ओलंपियन दिए है, जिन्होंने ना केवल देश में बल्कि विश्व स्तर पर अपना डंका बजाया है। यह फिल्म अपनी कहानी के जरिये कुछ सवाल दर्शकों के समक्ष उठाती है, जैसे कि देश में हॉकी का स्तर धीरे-धीरे नीचे क्यों गिरता जा रहा है, जबकि यहां संसारपुर के चमत्कार जैसे उदाहरण मौजूद हैं।
खिदो खुंडी की कहानी पंजाब के दो एनआरआई भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो संसारपुर वापस आकर हॉकी में एक बार फिर से जान फूंकना चाहते हैं। भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह ने ‘खिद्दो खुंडी’ फिल्म के कलाकारों को हॉकी की बारीकियां सिखाई हैं।
इस फिल्म के लेखक और निर्देशक रोहित जुगराज है और निर्माता तलविंदर सिंह हेयर और कंवलजीत हायर है। ‘हायर एंटरटेनमेन’ के बैनर तले बनी इस फिल्म में रंजीत बावा, मैंडी तखड़, मानव विज और गुगू गिल ने अभिनय किया है। फिल्म का संगीत जैदेव कुमार और गोलड़ ब्वॉय ने दिया है।
‘हरजीता’
18 मई को रिलीज होने वाली फिल्म ‘हरजीता’ एक सच्ची कहानी पर आधारित है। फिल्म में मुख्य किरदार पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क निभा रहे हैं। इस फिल्म को विजय कुमार अरोड़ा डायरेक्ट किया हैं। यह फिल्म एक गरीब परिवार में पैदा हुए हॉकी खिलाड़ी हरजीत सिंह तुली की कहानी पर आधारित है जिसकी कप्तानी में भारत को 15 साल बाद जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप जीता। इस टूर्नामेंट में टीम ने कोई भी
मैच नहीं हार कर भी रिकॉर्ड बनाया। इसी की बदौलत भारत ऐसा पहला देश बना जिसने अपनी सरजमीं पर जूनियर वर्ल्ड कप जीता हो। बता दें कि हरजीत सिंह के पिता ट्रक ड्राइवर हैं और जिस समय हरजीत वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठा रहे थे तब भी पिता ट्रक लेकर कोलकाता के लिए निकले थे।
‘सूरमा’
इस साल हॉकी पर जो तीसरी फिल्म आ रही है उसका नाम ‘सूरमा’ है और ये भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज खिलाड़ी संदीप सिंह की जिंदगी पर बेस्ड है। संदीप सिंह एक हॉकी किंवदंती और भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के पूर्व कैप्टन हैं। उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक ड्रैग-फ्लिकर्स के रूप में जाना जाता है, जिसने भारतीय हॉकी को कई स्वर्णिम क्षण दिए हैं।
बता दें कि संदीप को 22 अगस्त 2006 में शताब्दी एक्सप्रेस में गलती से गोली चलने की वजह से घायल हो गए थे, जबकि तभी उन्हें नैशनल टीम के साथ विश्व कप के लिए जर्मनी रवाना होना था। इस दुर्घटना ने उन्हें व्हीलचेयर पर ला दिया और करीब दो वर्षों तक अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पाए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और एक वीर योद्धा की तरह अपने हालात से जूझते हुए एक बार फिर नैशनल टीम में शामिल होने के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार कर लिया। इतना ही नहीं हॉकी में विशेष उपलब्धियों के लिए भारत सरकार ने साल 2010 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भी किया।
संदीप सिंह के जीवन पर बन रही इस फिल्म में मुख्य भूमिका मशहूर पंजाबी सिंगर-अभिनेता दिलजीत दोसांझ निभा रहे हैं। इस फिल्म में दिलजीत के अलावा तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म संदीप सिंह की पर्सनल लाइफ से जुड़े राज पर से पर्दा उठाएगी। साथ ही ये फिल्म हॉकी के खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक फिल्म साबित होगी।
इस फिल्म को सोनी पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है । यह फिल्म 29 जून 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म को हिंदी और पंजाबी दोनों भाषाओँ में बनाया जा रहा है। संदीप सिंह खुद इस फिल्म के लिए दिलजीत को हॉकी की ट्रेनिंग दी हैं।

‘गोल्ड’
भारतीय हॉकी का इतिहास एक बार फिर दुनिया के सामने आने जा रहा है। इस बार एक ऐसी कहानी के साथ जो भारतीय हॉकी के इतिहास के लिए गौरव का अध्याय है। अक्षय कुमार ये कहानी ले कर आ रहे हैं फिल्म गोल्ड के जरिये। गोल्ड का टीज़र फरवरी में रिलीज़ हो चुका है।
इस फिल्म में दिखाया गया है कि 1946 तक देश ने तीन गोल्ड मेडल जीते थे, लेकिन ये ब्रिटिश इंडिया के नाम दर्ज थे. इसके बाद आजाद भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाने का काम अक्षय का किरदार करता है। अक्षय कुमार फिल्म में हॉकी कोच की भूमिका में हैं और बंगाली बोलते नजर आ रहे हैं।
इस फिल्म में मौनी रॉय, अमित साध, कुणाल कपूर और सनी कुशाल भी नजर आएंगे। फिल्म की डायरेक्टर रीमा कागती हैं। रीमा इससे पहले आमिर के साथ ‘तलाश’ कर चुकी हैं। यह फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित है। इस फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा लंदन में शूट हुआ है और कुछ हिस्सों की शूटिंग पटियाला में भी हुई है। ये फिल्म 15 अगस्त 2018 को रिलीज होगी।