भारत में टेनिस के खेल में क्रांति लाने के लिए अगर किसी को याद किया जाएगा तो लिएंडर पेस का नाम उससे कभी अछूता नहीं रहेगा। पेस के नाम 9 डबल्स और 10 मिक्स्ड डबल्स टाइटल हैं। साथ ही सबसे ज्यादा उम्र में ग्रांड स्लैम टाइटल जीतने वाले खिलाड़ी का भी उनके नाम रिकॉर्ड दर्ज है। वह वर्तमान में हरियाणा राज्य के स्पोर्टस एम्बेस्डर हैं। इसके अलावा पेस को भारत सरकार के द्वारा कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। जिनमें राजीव गांधी खेल रत्न 1996- 97 में, अर्जुन अवॉर्ड साल 1990 में, पद्म श्री 2001 में, और पद्म भूषण से 2014 में सम्मानित किया गया। वह भारत के एकमात्र टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने सात ओलंपिक खेलों में भाग लिया।
खेल के मैदान को छोड़ दें तो पेस की निजी जिंदगी विवादों से भरी रही है। बात है साल 2005 की जब पेस का अभिनेता संजय दत्त की पूर्व पत्नि रिया पिल्लै से रिश्ता बन गया था। ये दोनों बाद में लिव- इन में रहे। इस दौरान दोनों की बेटी भी हो गई। ये रिलेशन कई सालों तक तो बढ़िया चला। लेकिन रिया ने साल 2013 में पेस पर कई संगीन आरोप लगाए। बाद में बात बढ़ी और ये इतनी बढ़ गई कि अब रिया को पेस हर महीने 4 लाख रुपए भत्ते के तौर पर देते हैं।
रिया ने पेस की शिकायत करते हुए कहा था कि वह उन्हें मारते- पीटते हैं। रिया ने कहा था कि पेस के पिता भी उन्हें पीटते थे। अब दोनों के बीच उनकी 10 साल की बेटी की कस्टडी के लिए लड़ाई चल रही है। रिया ने 1998 में संजय दत्त से शादी की थी, 2008 में उनका तलाक हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में रिया को पैसों के पीछे भागने वाली महिला बताया था। लिव-इन में रही रिया ने सेशन कोर्ट के उस फैसले को चैलेंज किया, जिसमें पेस ने उन्हें पत्नी का दर्जा देने से इनकार कर दिया था। पेस ने दावा किया है कि उन्होंने कभी रिया से विवाह नहीं किया और ऐसे में वह उनकी पत्नी नहीं हैं। ऐसे में रिया किसी तरह के गुजारा भत्ते की हकदार नहीं हैं। लिव-इन मामले में सेशन कोर्ट के आदेश के खिलाफ रिया पिल्लै की सुनवाई को मंजूरी मिल गई है।