टेनिस की दुनिया की सबसे बेहतरीन महिला खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को उनके दमदार खेल के लिए पूरी दुनिया जानती है। सेरेना के नाम अबतक कुल 22 ग्रेंड स्लैम सिंगल्स टाइटल हैं। ये अपने आपमें एक रिकॉर्ड है। वह दुनिया की एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके नाम चार में से तीन ग्रेंड स्लैम टूर्नामेंटों से करीब छह बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा उनके नाम ग्रेंड स्लैम में सबसे ज्यादा सिंगल्स 309 मैच जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। ये रिकॉर्ड बताते हैं कि सेरेना किस स्तर की खिलाड़ी हैं। सेरेना का शरीर बहुत सख्त है और वह खेलते समय अपनी शारीरिक बनावट का भरपूर फायदा उठाती हैं और अपने विपक्षियों को मात देती हैं। हाल ही में सेरेना ने कहा था कि उन्हें अपने महिला होने पर मलाल है और अगर वह पुरुष होतीं तो बेहतर होता। सेरेना के इस बयान से टेनिस की दुनिया में सनसनी फैल गई थी। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा था कि अब भी खेलों में महिलाओं के साथ भेदभाव होता है।
सेरेना ने कहा था कि महिलाओं की उपलब्धियों को पुरुषों से कम आंका जाता है। अगर पुरुष खिलाड़ी छोटी सी भी उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। सेरेना को इस बात का दुख है कि यहां पहुंचने के बाद भी उन्हें वैसा दर्जा नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा था कि अगर वह पुरुष होतीं तो शायद आज पूरी दुनिया पर छाई होतीं। उनकी बहन वीनस विलियम्स भी एक शानदार टेनिस खिलाड़ी हैं। इन दोनों बहनों ने आधुनिक टेनिस की परिभाषा को बदलकर रख दिया है। विलियम्स साल 2016 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीट रही थीं। इस दौरान उनकी कमाई प्राइज मनी और इंडोर्समेंट मिलाकर $28.9 मिलियन रही है। साल 2015 में सेरेना को स्पोर्ट्स इलस्ट्रेड मैगजीन द्वारा स्पोर्टपर्सन ऑफ द ईयर से नवाजा गया था।