खेलों के लिहाज से भारत के लिए साल 2018 बेहद अहम साबित होने जा रहा है। जिसमें भारत के लोकप्रिय खेलों में से एक कुश्ती से देश को काफी उम्मीदें हैं। इसलिए हमने एक लिस्ट तैयार की है, जिसमें 5 ऐसे पहलवानों को हमने जगह दी है। जो इस साल देश को सुखद पल दे सकते हैं। जानें इस लिस्ट में कौन-कौन शामिल है:
भारत के दिग्गज रेसलर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार इस साल होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में 74 किग्रा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। जहां उनसे देश को स्वर्णिम सफलता की उम्मीद है। इसी वर्ष उन्हें एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भी भारत के मान को बरकरार रखना है। सुशील कुमार इस साल प्रो-रेसलिंग लीग में भी हिस्सा ले रहे हैं, जहां उनकी सबसे ज्यादा बोली लगी है। इसके अलावा सुशील कुमार टोक्यो ओलंपिक 2020 की भी तैयारी कर रहे हैं।
सुशील कुमार
ओलंपिक में पदक जीतने वाली एक मात्र महिला पहलवान साक्षी मलिक से इस साल देश को काफी उम्मीदें हैं। कॉमनवेल्थ खेलों से लेकर एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप में देश को मलिक काफी उम्मीदें हैं। प्रो रेसलिंग लीग में साक्षी भारत की सर्वश्रेष्ठ महिला पहलवानों में से एक हैं।
साक्षी मलिक
भारत के उभरते हुए युवा पहलवान बजरंग पुनिया ने अबतक मिले मौकों पर शानदार प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। मई में हुए एशियाई चैंपियनशिप में 65 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे हैं। योगेश्वर दत्त के बाद वह इस केटेगरी में भविष्य में तिरंगे की शान बढ़ाते रहेंगे। खासकर जब हम कॉमनवेल्थ खेलों और एशियाई खेलों की बात करते हैं, तो बजरंग से देश को खासी उम्मीदें हैं। प्रो-कुश्ती लीग में भी वह जलवा दिखाते नजर आएंगे।
बजरंग पुनिया
रियो ओलंपिक में पहला मुकाबला जीतने के बाद विनेश फोगाट दूसरे मुकाबले में चोटिल हो गयीं थी, जिससे देश की स्वर्णिम सफलता को बड़ा झटका लगता था। उसके बाद चोट से उभरकर विनेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन वापसी की है। कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में विनेश को पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इस साल वह पीबीएल में भी खेलती हुई नजर आएंगी। इसके अलावा टोक्यो ओलंपिक 2020 में देश को उनसे स्वर्णिम सफलता की उम्मीद है।
विनेश फोगाट
रियो ओलंपिक में पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे योगेश्वर दत्त नाटकीय तरीके से हार गए थे। हालांकि उसके बाद वह किसी बड़े इवेंट में खेलते हुए नजर नहीं आए हैं। वह कब वापसी करेंगे इस बारे में कहना भी मुश्किल है। लेकिन संन्यास की घोषणा करने की वजह से वह इस साल वापसी कर सकते हैं। वह एशियाई खेलों से इस साल कुश्ती में वापसी कर सकते हैं। 65 किग्रा में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले इस रेसलर से टोक्यो ओलंपिक में देश को उम्मीदें हैं।
योगेश्वर दत्त